जौनपुर।सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ आज शुक्रवार जौनपुर दौरे पर पूर्वांचल विश्वविद्यालय पहुंचे।इस दौरान एक समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता आशीष ने सीएम योगी के काफिले को काला कपड़ा दिखाने की कोशिश की और कार्यकर्ता इस दौरान अखिलेश जिंदाबाद के नारे लगाता रहा।
पुलिस ने आशीष को गिरफ्तार कर लिया है और जांच पड़ताल में जुट गई है। पूछताछ करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सीएम योगी ने शुक्रवार को पूर्वांचल विश्वविद्यालय के एकलव्य स्टेडियम से जौनपुर को 258 करोड़ रुपए की 116 परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने बटन दबाकर इन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
सीएम योगी ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र दिए। इसके अलावा उत्तर प्रदेश में स्वतंत्रता संग्राम नामक पुस्तक का विमोचन भी किया। उन्होंने कहा कि जौनपुर नए उत्तर प्रदेश के नए भारत का जनपद है। विकास की सभी सुविधाएं जौनपुर को दी जाएंगी।
आपको बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को जौनपुर एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे। यहां पर सीएम योगी ने जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि विकास के लिए ईमानदारी से काम हो रहा है।पिछली सरकार खुद के फायदे के लिए गुंडों और गुर्गों को बढ़ावा देती थी। हमने तय किया है कि कोई भी भ्रष्टाचार करेगा तो उसकी संपत्ति कुर्क कर गरीबों के विकास में लाया जाएगा। पहले यूपी के लोगों के साथ धोखा होता था। आज यूपी में अपराधी डरते हैं।